शिवपुरी। बैराड़ क्षेत्र में व्याप्त सामाजिक तनाव और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए हिन्दू युवाओं व सर्व समाज ने पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्र में साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने, आपराधिक गतिविधियों में लिप्त शाबिर खान पर कठोर कार्रवाई करने तथा बैराड़ थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश शर्मा को वर्तमान संवेदनशील परिस्थितियों में थाने पर यथावत रखने की मांग की गई है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि विगत दिनों हनुमान कॉलोनी स्थित मंदिर के सामने आवंटित कब्रिस्तान की भूमि को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल द्वारा ज्ञापन दिया गया था। इसके बाद बजरंग दल कार्यकर्ता प्रिंस प्रजापति को जान से मारने की धमकी दिए जाने की घटना सामने आई। तत्पश्चात मुस्लिम समाज द्वारा भी कलेक्टर व एसपी को शिकायत दर्ज कराई गई, जिससे क्षेत्र में सामाजिक तनाव की स्थिति निर्मित हो गई।
क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि इन संवेदनशील परिस्थितियों के बीच बैराड़ थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश शर्मा को ‘लाइन अटैच’ किए जाने के निर्णय से सर्व समाज में चिंता व्याप्त है। आरोप है कि लाइन अटैच के आदेश के बाद आरोपी शाबिर खान द्वारा सोशल मीडिया पर “उड़ गई गिल्ली” लिखकर पोस्ट किया गया और मिठाई बांटकर जश्न मनाया गया, जिससे हिंदू समाज में गहरा आक्रोश है। सर्व समाज ने मांग की है कि शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरीक्षक सुरेश शर्मा को फिलहाल अगले 15 दिन या एक महीने तक बैराड़ थाने पर ही यथावत रखा जाए।
ज्ञापन में शाबिर खान के आपराधिक रिकॉर्ड का हवाला देते हुए बताया गया है कि उसके खिलाफ बलात्कार, अपहरण, अवैध हथियार, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियों जैसे कई गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। आरोप है कि हाल ही में वाहनों में भरकर आए असामाजिक तत्वों द्वारा प्रिंस प्रजापति के घर के आसपास डराने-धमकाने का प्रयास भी किया गया। सर्व समाज ने इन घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराकर शाबिर खान का नाम गुंडा सूची में दर्ज करने, उसके खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई करने तथा उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की मांग की है।
सर्व समाज बैराड़ का मानना है कि अनुभवी थाना प्रभारी सुरेश शर्मा की उपस्थिति से असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण बना रहता है। इसलिए जनहित और शांति व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक निर्णय को फिलहाल स्थगित कर निष्पक्ष जांच व नियमानुसार कठोर कदम उठाए जाएं, ताकि बैराड़ में भयमुक्त वातावरण और साम्प्रदायिक सौहार्द कायम रहे साथ ही युवाओ ने एसपी से कहा कि अगर कार्यवाही नही हुई तो बैराड़ में दंगा हो सकता है। पुलिस अधीक्षक ने युवाओ से मिलकर कार्यवाही का आश्वासन दिया है।
कब्रिस्तान भूमि विवाद और प्रिंस प्रजापति को धमकी से उपजा तनाव, टीआई को हटाने पर रोष, शाबिर खान को गुंडा लिस्ट में जोड़ने की मांग / Shivpuri News




