शिवपुरी। जिले के खनियांधाना थाना क्षेत्र में शनिवार शाम सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पोठयाई मंदिर के पास रेडी रोड पर बालाजी बस सर्विस की बस ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी थी। घायल युवक को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खनियांधाना ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज शिवपुरी रेफर किया गया। यहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। रविवार को मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रविंद्र सिंह लोधी (28) पुत्र कमल सिंह लोधी, निवासी टपरियन, ग्राम देवखो के रूप में हुई है। शनिवार शाम खनियांधाना के पोठयाई मंदिर के पास रेडी रोड पर बालाजी बस सर्विस की बस की चपेट में आने से रविंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने घायल को डायल 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खनियांधाना पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें मेडिकल कॉलेज शिवपुरी रेफर कर दिया गया।
उधर, दुर्घटना की सूचना मिलने पर खनियांधाना थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी थी। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान शनिवार रात रविंद्र की मौत हो गई। इसके बाद रविवार को मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।





