,

दीपावली की लिपाई के लिए मिट्टी खोद रही 18 वर्षीय सोनम जाटव की कुएं में गिरने से मौत, दो घंटे बाद निकाला शव / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के छितीपुर गांव में रविवार दोपहर दीपावली की तैयारियों के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। घर की लिपाई-पुताई के लिए खेत में बने कच्चे कुएं के पास मिट्टी खोद रही 18 वर्षीय सोनम जाटव का अचानक पैर फिसल गया, जिससे वह कुएं में जा गिरी। ग्रामीणों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद उसे कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। जवान बेटी की मौत से परिवार में मातम छा गया।

जानकारी के अनुसार, छितीपुर गांव निवासी सोनम जाटव पुत्री सुरेश जाटव रविवार दोपहर अपने खेत में बने कच्चे कुएं के पास दीपावली पर घर की लिपाई-पुताई के लिए मिट्टी खोद रही थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह कुएं में गिर गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे बाहर निकालने के प्रयास शुरू किए। ग्रामीणों ने घटना की सूचना दिनारा पुलिस को भी दी।

कुएं से सोनम को बाहर निकालने के लिए ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक मशक्कत की। इसके बाद कांटा डालकर उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

बताया गया है कि सोनम की सगाई हो चुकी थी। परिवार दीपावली की तैयारियों में जुटा था, लेकिन इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। बेटी की अचानक मौत से परिजन सदमे में हैं, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।

घटना के बाद दिनारा पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम किया और सोनम के शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस मामले में वैधानिक कार्रवाई कर रही है।