,

शिवपुरी में शासकीय जमीन पर कब्जे का आरोप: आदिवासी ने मोहनलाल कोरी सहित तीन लोगों के खिलाफ अमोला थाने में शिकायत / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के अमोला थाना क्षेत्र में शासकीय भूमि पर कथित कब्जे, पक्का निर्माण कराने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। नया अमोला निवासी मेहरवान आदिवासी ने थाना प्रभारी को आवेदन देकर मोहनलाल कोरी सहित तीन लोगों के खिलाफ शिकायत की है। आवेदक ने जमीन पर करीब 20 वर्षों से कब्जा एवं उपयोग होने का दावा करते हुए पुलिस से उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, मेहरवान आदिवासी, पिता खेरू आदिवासी, निवासी नया अमोला ने शासकीय भूमि सर्वे क्रमांक 4662/58, रकबा 0.80 हेक्टेयर पर पिछले करीब 20 वर्षों से कब्जा एवं उपयोग होने का दावा किया है। आवेदक का कहना है कि भूमि के संबंध में उसने तहसीलदार कार्यालय में निर्धारित राजस्व राशि भी जमा की है और इससे जुड़े अभिलेख उपलब्ध कराए जा सकते हैं।

मेहरवान आदिवासी ने आरोप लगाया है कि मोहनलाल कोरी, पिता बंसी कोरी ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भूमि पर जबरन कब्जा कर लिया है और वहां पक्का निर्माण कराया जा रहा है। आवेदक के मुताबिक, जब वह भूमि के संबंध में बात करता है, तो हरनाम पाल और बलवीर पाल द्वारा उसे परेशान किया जाता है, गाली-गलौज की जाती है और जान से मारने की धमकियां दी जाती हैं।

मेहरवान आदिवासी ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उसने थाना प्रभारी अमोला से शिकायत की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।