,

पीपलखेड़ा स्कूल के प्राचार्य श्याम गुप्ता के खिलाफ प्राणसिंह लोधी ने की शिकायत, बेटे की छात्रवृत्ति स्वीकृत कराने और जांच कर कार्रवाई की मांग / Shivpuri News

शिवपुरी जिले के पिछोर क्षेत्र में शासकीय माध्यमिक विद्यालय पीपलखेड़ा के प्राचार्य पर छात्रवृत्ति की शिकायत के बाद छात्र और उसके पिता को फोन पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। ग्राम बघरवारा निवासी प्राणसिंह लोधी ने अनुविभागीय अधिकारी पिछोर को आवेदन देकर प्राचार्य श्याम गुप्ता के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपने बेटे की लंबित छात्रवृत्ति स्वीकृत कराने की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार, प्राणसिंह लोधी के बेटे रजनीश लोधी ने शासकीय माध्यमिक विद्यालय पीपलखेड़ा में शैक्षणिक सत्र 2022-23 और 2023-24 के दौरान कक्षा 9वीं एवं 10वीं में अध्ययन किया था। आवेदक का कहना है कि उसके बेटे को छात्रवृत्ति नहीं मिली, जिसके बाद उसने विद्यालय के प्राचार्य श्याम गुप्ता को आवेदन देकर छात्रवृत्ति स्वीकृत करने का अनुरोध किया। इसके बावजूद छात्रवृत्ति स्वीकृत नहीं होने पर छात्र ने सीएम हेल्पलाइन 181 पर शिकायत दर्ज कराई।


प्राणसिंह लोधी ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि शिकायत दर्ज होने के बाद प्राचार्य श्याम गुप्ता ने फोन पर उन्हें और उनके बेटे को जान से मारने तथा रास्ते में मिलने पर अप्रिय घटना करने की धमकी दी। आवेदक का यह भी आरोप है कि उन्हें झूठे अपराध में फंसाने और जेल भिजवाने की धमकी दी गई।

प्राणसिंह लोधी ने कहा है कि उनका बेटा पढ़ाई के लिए प्रतिदिन पिछोर आता था, लेकिन कथित धमकियों के बाद वह भयभीत है और घर से बाहर निकलने में भी डर रहा है। आवेदक के मुताबिक, इस स्थिति के कारण बेटे की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।


प्राणसिंह लोधी ने 21 सितंबर 2026 को दिए आवेदन में SDM पिछोर से प्राचार्य श्याम गुप्ता के खिलाफ मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने और उनके बेटे की छात्रवृत्ति स्वीकृत कराने की मांग की है।