शिवपुरी। जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बीलपुरा के जंगल में भैंस चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12 बजे कुछ किसान अपनी भैंसों को चराने जंगल में गए थे। इसी दौरान कथित तौर पर 7 से 8 बंदूकधारी अज्ञात बदमाशों ने भैंसों को चोरी करने का प्रयास किया और ग्रामीणों पर हमला बोल दिया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने बैराड़ थाना प्रभारी सुरेश शर्मा को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों को आता देख बदमाश करीब 100 भैंसों को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। इस तरह भैंसों को चोरी होने से बचा लिया गया।
घटना के बाद ग्रामीण क्षेत्र में भैंस चोरों को लेकर दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने समय पर कार्रवाई के लिए पुलिस की सराहना की।






