,

नरवर की पुरानी अनाज मंडी में अवैध मिलों का मामला NGT पहुंचा, प्रशासन पर कार्रवाई न करने के आरोप; कमेटी गठित कर संचालकों को नोटिस / Shivpuri News

शिवपुरी। नरवर स्थित पुरानी अनाज मंडी में सरकारी भूमि पर संचालित बताई जा रही अनाज प्रसंस्करण मिलों के मामले में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने हस्तक्षेप किया है। मूल आवेदन क्रमांक 200/2026 (CZ) के माध्यम से देवेंद्र चौरसिया द्वारा उठाए गए मामले में नरवर की पुरानी अनाज मंडी क्षेत्र में संचालित मिलों को लेकर गंभीर पर्यावरणीय और भूमि संबंधी शिकायतें रखी गई हैं।

आवेदन में M/s Maheshwari Traders, M/s Pallav Traders, M/s Shyama Traders, M/s Madanlal Nandkishore और M/s Pramod Bhargav के संचालन को लेकर सवाल उठाए गए हैं। शिकायत के अनुसार इन इकाइयों का संचालन सर्वे नंबर 1728, 1731 और 1795 की सरकारी भूमि पर बिना वैध आवंटन, पट्टे अथवा आवश्यक अनुमति के किए जाने का आरोप है।

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित मिल संचालकों के पास मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (MPPCB) से आवश्यक Consent to Establish अथवा Consent to Operate नहीं है। इसके अलावा धूल और भूसी के कणों को नियंत्रित करने के लिए निर्धारित फिल्ट्रेशन अथवा डस्ट कलेक्शन सिस्टम नहीं लगाए जाने की बात कही गई है।

शिकायत में कहा गया है कि मिलों से निकलने वाली धूल, भूसी और सूक्ष्म कणों के कारण आसपास के क्षेत्र में वायु प्रदूषण की स्थिति बन रही है। साथ ही, पुरानी अनाज मंडी के समीप स्कूल होने के कारण विद्यार्थियों के भी प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।

मामले में प्रशासन द्वारा अपेक्षित कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए NGT के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया गया। जानकारी के अनुसार अधिकरण ने मामले की जांच के लिए शिवपुरी कलेक्टर, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से संबंधित अधिकारियों की कमेटी गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। संबंधित मिल संचालकों को भी नोटिस जारी किए गए हैं।

कमेटी को मौके की स्थिति, भूमि के उपयोग, पर्यावरणीय अनुमति और प्रदूषण नियंत्रण व्यवस्था सहित शिकायत में उठाए गए बिंदुओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। आवेदन में सरकारी भूमि से कथित अवैध कब्जे और मिलों को हटाने की मांग भी की गई है।

अब जांच कमेटी की रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई से स्पष्ट होगा कि पुरानी अनाज मंडी में संचालित इन मिलों के पास भूमि उपयोग एवं पर्यावरण संबंधी आवश्यक वैधानिक अनुमतियां मौजूद हैं या नहीं।


संबंधित खबरें