शिवपुरी। जिले के बैराड़ क्षेत्र में चल रही 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के बीच कुछ परीक्षा केंद्रों से नकल से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में अलग-अलग तरीकों से नकल कराने के प्रयास दिखाई देने के दावे किए जा रहे हैं, जिससे परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
एक वायरल वीडियो में दो युवक परीक्षा केंद्र की छत पर चढ़कर नकल सामग्री पहुंचाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। वीडियो बनाए जाने की भनक लगते ही दोनों युवक छत से उतरकर मुंह छिपाते हुए भागते दिखाई देते हैं। वहीं करीब 13 सेकेंड के एक अन्य वीडियो में कुछ लोग परीक्षा केंद्र की दीवार के बाहर खड़े होकर अंदर बैठे छात्रों को बोल-बोलकर नकल कराते नजर आ रहे हैं।
एक अन्य वीडियो में यह भी दावा किया जा रहा है कि एक छात्रा की जगह दूसरी छात्रा परीक्षा देने पहुंच गई। वीडियो में स्कूल के बाहर बैठी छात्रा से पूछताछ के दौरान उसने बताया कि उसकी जगह ‘सोनम’ परीक्षा हॉल में पेपर देने गई है। उसने अपना नाम ‘दीपा’ बताया।
सूत्रों के अनुसार जिन परीक्षा केंद्रों से ये वीडियो सामने आए हैं, वे निजी स्कूलों में बनाए गए केंद्र बताए जा रहे हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं बैराड़ के विकासखंड शिक्षा अधिकारी अवधेश तोमर का कहना है कि नकल से संबंधित कोई वीडियो अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और तथ्य सामने आने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।










Be First to Comment