शिवपुरी: जिले के करेरा क्षेत्र के मछवाली इलाके में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत माफियाओं पर करारा प्रहार किया है। आधी रात की गई इस कार्रवाई में खनिज विभाग की टीम ने अवैध उत्खनन में प्रयुक्त एक पनडुब्बी को मौके पर ही नष्ट कर दिया और करीब 60 से 70 घन मीटर अवैध रेत जब्त की।
कार्रवाई के दौरान खनिज दल को देखकर मौके पर मौजूद 4 से 5 लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि लंबे समय से इस क्षेत्र में अवैध रूप से रेत निकासी की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद खनिज विभाग ने यह छापेमारी की।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व खनिज निरीक्षक सोनू श्रीवास द्वारा किया गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार अवैध उत्खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खनिज विभाग की इस कार्रवाई से रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है। वहीं स्थानीय लोगों ने विभाग की तत्परता की सराहना करते हुए लगातार ऐसे अभियान चलाए जाने की मांग की है। अब खनिज विभाग फरार आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटा हुआ है।









Be First to Comment