शिवपुरी। शनिवार को शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब एक मेडिकल छात्र ने आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की। घटना के बाद कवरेज के लिए पहुंचे मीडियाकर्मियों से कॉलेज के स्टूडेंट्स की तीखी बहस हो गई, जो करीब एक घंटे तक हंगामे में बदल गई।
जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत छात्र मयंक ने अपने कमरे में खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही उसके साथी छात्र उसे तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र कॉलेज परिसर में एकत्र हो गए।
घटना की सूचना पर जब मीडियाकर्मी कवरेज के लिए पहुंचे, तो बातचीत के दौरान कुछ स्टूडेंट्स भड़क गए और मीडियाकर्मियों को घेर लिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश का प्रयास किया। स्थिति नियंत्रित न होने पर पुलिस ने बमुश्किल मीडियाकर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
हंगामे के दौरान आक्रोशित स्टूडेंट्स ने मेडिकल कॉलेज के दोनों गेट बंद कर दिए, जिससे मरीजों और उनके अटेंडरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया, तब जाकर हालात कुछ हद तक काबू में आए।
बताया जा रहा है कि संबंधित छात्र पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था और उसका इलाज भी चल रहा था।








Be First to Comment